जिले के ज्यादातर थानों पर जल्द ही नए थानेदार तैनात होंगे। पांच थानेदारों का विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव आयोग के निर्देश पर गैर जनपद तबादला कर दिया गया है। वहां नए थानेदार जल्द तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा मानक के मुताबिक इंस्पेक्टर-सब इंस्पेक्टर का संतुलन भी कायम करने की प्रक्रिया भी चल रही है। जिसके चलते कई थानाध्यक्षों को फेंटा जा सकता है। एसपी ने इसके स्पष्ट संकेत दे दिए हैं।
चुनाव आयोग ने डीजीपी कार्यालय को लंबे समय से जिलों में तैनात इंस्पेक्टरों के तबादले के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सभी एसपी, डीआईजी और आईजी से प्रमाणपत्र लिया जा रहा है। चुनाव आयोग का रुख देखकर डीआइजी लक्ष्मी नारायण ने दो दिन पहले ही तीन वर्ष पूरा कर चुके निरीक्षक, उपनिरीक्षकों को हटा दिया। सभी तबादले वाले लोगों को जल्द ही उन्हें रिलीव कर दिया जाएगा।