जीएसटी घटने पर आयोजित “धन्यवाद मोदी सरकार” कार्यक्रम में वक्ताओं ने रखे विचार।संवाद
कप्तानगंज (बस्ती)। जीएसटी दरों में की गई कटौती को लेकर शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में “घटी जीएसटी मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार” एवं “आत्मनिर्भर भारत अभियान” के तहत सम्मेलन आयोजित किया गया। अध्यक्षता विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश ने की। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भोला निषाद की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही।
सुभाष यदुवंश ने कहा कि भाजपा सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए संकल्पित है। जीएसटी की दर में कटौती से आम आदमी की जेब पर बोझ कम हुआ है। उन्होंने कहा कि “वन नेशन, वन टैक्स” की अवधारणा से देश में कर प्रणाली सरल और पारदर्शी हुई है।
पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश शुक्ला ने कहा कि सरकार का यह निर्णय आम जनता और व्यापारियों दोनों के लिए लाभकारी है। जीएसटी घटने से सामान्य परिवार की सालाना बचत दो लाख रुपये तक हो सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे निर्णय केवल भाजपा सरकार में ही संभव है।
कार्यक्रम में प्रमुख प्रतिनिधि गौर जटाशंकर शुक्ल, इंजीनियर वीरेंद्र कुमार मिश्र, मंडल अध्यक्ष गौरव मणि त्रिपाठी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामशंकर यादव आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। संचालन मनोज ओझा ने किया। कार्यक्रम में विनय यादव, राधेश्याम कमलापुरी, सुखराम गौड़, लवकुश शुक्ल, सर्वदेव दुबे, ओमप्रकाश ओझा, रामवृक्ष निषाद, साहबदिन निषाद आदि मौजूद रहे।