बस्ती। दीपावली व छठ पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, बड़े शहरों से आने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। यात्रियों का घर आने का सिलसिला शुरू हो गया है। सबसे ज्यादा भीड़ दिल्ली, मुंबई, पंजाब और बंगलूरू से आने वाली ट्रेनों में देखने को मिल रही है।
त्योहार में घर पहुंचने को लेकर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी कराया जा रहा है। बावजूद उसके नियमित चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में भीड़ बढ़ती जा रही है। स्टेशन पर मौजूद यात्री जगदंबा प्रसाद, हरिराम व महिला यात्री सुनीता व नूरजहां ने बताया कि दीपावली व छठ में हर कोई समय रहते अपने घर पहुंचाना चाह रहा है। इसके चलते ट्रेनों में बड़े शहरों से घर आने वाले लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है।
यात्रियों ने बताया कि रेलवे प्रशासन की ओर से सुविधा के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा है, लेकिन जानकारी के अभाव में स्पेशल ट्रेनों का फायदा नहीं मिल पा रहा है। तमाम पूजा स्पेशल ट्रेनें खाली जा रही हैं। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि त्योहार को देखते हुए रेलवे प्रशासन की ओर से यात्री सुविधा को लेकर व्यापक तैयारियां की गई है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा है। अभी आने वाले यात्रियों की भीड़ ट्रेनों में बढ़ रही है।
-
रेलवे पूछताछ काउंटर के माध्यम से जिन एक्सप्रेस ट्रेनों में घर आने वाले यात्रियों की भीड़ देखने को मिल रही है। उनमें पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती, गोरखपुर के रास्ते बिहार जाने वाली लुधियाना जंक्शन से आने वाली गुवाहाटी-अमरनाथ एक्सप्रेस, लोहित एक्सप्रेस, भागलपुर-अमरनाथ एक्सप्रेस, मोरध्वज एक्सप्रेस, सहरसा-जनसाधारण एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस व गोरखपुर-अमरनाथ एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ देखने को मिल रही है।
इसी तरह दिल्ली से आने वाली वैशाली-सुपरफास्ट एक्सप्रेस, गोरखधाम-सुपरफास्ट एक्सप्रेस, पुरबिया एक्सप्रेस, गोरखपुर-हमसफर एक्सप्रेस, मुजफ्फरपुर-गरीब रथ एक्सप्रेस, आम्रपाली-एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्री खचाखच भरे रहे। जबकि मुंबई से आने वाली कुशीनगर-सुपरफास्ट एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, गोदान एक्सप्रेस, गोरखपुर- सुपरफास्ट एक्सप्रेस, छपरा-अंत्योदय सुपरफास्ट एक्सप्रेस व बेंगलुरु से आने वाली गोरखपुर-राप्तीसागर सुपरफास्ट ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है।