प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बृहस्पतिवार को होने जा रही सभा की सुरक्षा के संबंध में बुधवार को मंडी परिषद परिसर में ब्रीफिंग की गई। राजकीय पॉलीटेक्निक ग्राउंड में होने वाली सभा व उसके आसपास बने चेक प्वाइंट, इंट्री जोन, मंच से लेकर भीड़ कंट्रोल और वाहन पार्किंग को लेकर तौर-तरीके समझाया गया। सबसे ज्यादा जोर चेकिंग पर दिया गया। एडीजी (पीएसी) आशुतोष पांडेय,डीआईजी लक्ष्मी नारायण, डीएम प्रभु एन सिंह, एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बारी-बारी से पीएम सिक्योरिटी से संबंधित बारीकियों को बताया। एसपी ने ड्यूटी पर लगे जवानों को समय से पहले मुस्तैद होने को कहा।
बता दें कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में बाहर से आठ एसपी, नौ एएसपी, 17 सीओ, 15 एसएचओ के साथ ही 119 सब इंस्पेक्टर समेत 27 सौ जवान तैनात होंगे। इनमें 550 महिला रिक्रूट और 297 पुरुष रिक्रूट, तीन एपी गारद, के अलावा छह कंपनी पीएसी तैनात की गई है। पांच फायर टेंडर लगाए गए हैं। सभी थानाध्यक्ष के साथ हमराही फोर्स रहेगी। इसके अलावा एसपीजी सुरक्षा की अलग श्रेणी मुस्तैद रहेगी जो हर हाल में प्रधानमंत्री को महफूज रखने में सक्षम होगी। अफसरों को कार्यक्रम के दो घंटे पहले तैनाती स्थल पर रहकर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान सीडीओ अंजनी कुमार सिंह, एडीएम संतोष राय, एएसपी रोहित मिश्र समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।