गणेश उत्सव को लेकर बाजार में सजावटी सामग्री की बढ़ी मांग संवाद
बस्ती। गणेश उत्सव नजदीक आते ही शहर से लेकर कस्बाई बाजारों तक रौनक बढ़ने लगी है। सजावटी सामान, आर्टिफिशियल फूल-मालाओं और झूमड़ की मांग बढ़ गई है। राजस्थानी झूमर और वाराणसी की आर्टिफिशियल मालाएं ग्राहकों को खूब पसंद आ रही हैं। वहीं, गणेश प्रतिमाओं की बुकिंग भी तेज हो गई है। एक साथ कई त्योहार होने से कारोबारियों को बेहतर बिक्री की उम्मीद है।
14 सितंबर से गणेश चतुर्थी का पर्व शुरू होगा। इसे लेकर विभिन्न सोसाइटियों और संस्थाओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पंडालों और घरों की सजावट के लिए छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं के साथ सजावटी झालर, झूमड़ और आर्टिफिशियल फूलों की खरीदारी हो रही है। गणेश प्रतिमाओं की बुकिंग भी तेजी से की जा रही है।
गांधीनगर बाजार, मंगल बाजार, पुरानी बस्ती, रोडवेज, मालवीय रोड और कंपनीबाग में सजावटी सामान की दुकानें सज गई हैं। इन बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ पहुंच रही है। सजावट के साथ ही आर्टिफिशियल ज्वेलरी की मांग भी बढ़ी है। महिलाएं तीज पर्व के लिए श्रृंगार से जुड़े सामान की खरीदारी कर रही हैं।
व्यापारियों का कहना है कि गणेश चतुर्थी और तीज समेत कई त्योहार एक साथ होने से बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। आने वाले दिनों में बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है।