वाल्टरगंज। विभागीय प्रशासन की लापरवाही के कारण सड़कों पर जानलेवा गड्ढे बने हुए हैं। इससे आए दिन दुर्घटना के कारण लोग घायल हो रहे हैं। जब गड्ढे जानलेवा साबित होने लगे तो स्थानीय युवाओं ने बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर स्थित मनोरी चौराहे के पुल के समीप गहरे गड्ढों का चंदा एकत्र कर भरा दिया।
प्रशासनिक अनदेखी से नाराज समाजसेवी सौरभ दुबे और उनके साथियों ने सड़क पर बने इस गड्ढे को भरने के लिए आपस में चंदा जुटाकर गिट्टी, मोरंग, बालू, सीमेंट का इंतजाम किया। साथ ही, युवाओं ने श्रमदान कर इन गड्ढों को भर दिया। सौरभ दुबे ने बताया कि गड्ढे के कारण कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इसी प्रकार के जानलेवा गड्ढे नेशनल हाईवे से आने वाले सर्विस लेन तथा ओवरब्रिज के नीचे दोनों तरफ सर्विस लेन पर बने हुए हैं, लेकिन विभाग के जिम्मेदार किसी बड़ी दुर्घटना के इंतजार में है। इस दौरान क्षेत्र के सौरभ दुबे, योगेश पांडे, गुड्डू शुक्ला, मुकेश मिश्रा, राजन उपाध्याय, रत्नेश मिश्रा, आकाश , मेहीलाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे। संवाद