संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मौसम में बदलाव से बुखार, सर्दी-खासी से बच्चे पीड़ित हो रहे हैं। अभी पूरी तरह से गर्मी शुरू भी नहीं हुई है कि बच्चों की पीड़ा बढ़ गई है। बाल रोग की ओपीडी में 50 से अधिक संख्या में बच्चे सर्दी, खांसी, बुखार की पीड़ा लेकर पहुंच रहे हैं।
मौसम में बदलाव के साथ जिला अस्पताल के बाल रोग विभाग में आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। आम तौर पर 100 के आसपास रहने वाली ओपीडी 150 तक पहुंच गई है।
अस्पताल आने वाले बच्चों में अधिकतर बुखार, सर्दी-जुकाम से पीड़ित हैं। दौरे पड़ने की शिकायत भी आ रही है। ऐसे बच्चों की जेई की भी जांच कराई जा रही है।
जिला अस्पताल में पिछले पांच दिनों में 58 बच्चे भर्ती हुए हैं। इनमें ज्यादातर बुखार, झटका, सर्दी-जुकाम के बच्चे हैं। तीमारदारों का का आरोप है कि डाॅक्टर एक बार राउंड करने के बाद नहीं आते हैं। इसके बाद पीआईसीयू की जिम्मेदारी स्टाफ नर्स संभालती हैं। यदि बच्चे की तबीयत बिगड़ जाती है तो भी डाॅक्टर नहीं आते हैं।
फरवरी माह में 26 को 10, 27 को 11, 28 को 13 बच्चे, एक मार्च को 18 और दो मार्च की दोपहर तक पांच बच्चे भर्ती किए गए।