मां-बेटी हत्याकांड : अपनी आईडी पर होटल दिलाने, मोबाइल इस्तेमाल कराने का आरोप
फतेहपुर जिले का रहने वाला है मुंबई में पकड़ा गया आसिफ शोख
संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज (बस्ती)। सेंठा गांव की मां-बेटी की हत्या कर फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम मुंबई तक पहुंची। वहां के एक युवक को गिरफ्तार कर ले आई है। आरोप है कि उसने हत्यारोपियों को कई दिनों तक संरक्षण दिया। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इससे पहले मृतका गोदावरी देवी की बड़ी बेटी सरिता ने मां-बहन की हत्या के मामले में सात नामजद और दो अन्य पर केस दर्ज कराया था। पुलिस ने 15 दिन पहले मुख्य आरोपी बिलोदर की पत्नी और उसकी बहू को गिरफ्तार कर लिया था। घटना में शामिल रहे मुख्य आरोपियों को पकड़ने के लिए कप्तानगंज थाने से लेकर स्वॉट, एसओजी, सर्विसलांस टीम सहित चार टीमें लगी हुई हैं। मोबाइल सीडीआर के जरिये पता चला कि घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारोपियों ने नेपाल, प्रयागराज, हरिद्वार, मुंबई, गुजरात, सुल्तानपुर, गोंडा, सिदार्थनगर, नेपाल, आंबेडकर सहित कई जिलों में चक्कर लगाया।
ऐसे में एक टीम एसआई सुरेश कुशवाहा के नेतृत्व में मुंबई पहुंची थी। वहां मो. आसिफ शेख निवासी आंबेडकर चौक अंबुज बाड़ी आजादनगर, लक्ष्मी चाल कमरा नंबर -बी17 थाना मालवानी मलाड़, बेस्ट जिला मुंबई, स्थायी पता ग्राम व थाना खखडेरु जिला फतेहपुर उत्तर प्रदेश को चार दिन पहले गिरफ्तार कर मुंबई के बोरीवली कोर्ट बेस्ट मुंबई में पेश किया था।
वहां से आरोपी को ट्रांजिस्ट रिमांड पर सोमवार की रात कप्तानगंज थाने पर लाया गया। पकड़े गए आरोपी पर अपनी आईडी पर मां-बेटी के हत्यारोपियों को होटल और चाल में कमरा दिलाकर उनका सहयोग करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया आरोपी हत्यारोपी राजेश उर्फ राजन का मित्र है। घटना के बाद इसके द्वारा आरोपियों को रहने खाने का प्रबंध करते हुए अपने मोबाइल फोन से बात भी कराता था। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को बस्ती न्यायालय में पेश किया। न्यायाधीश ने उसे जेल भेज दिया।
-
हमीरपुर में अंबेडकर सम्मान यात्रा निकालते हुए कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता। स्रोत : संवाद