नगर बाजार। नगर पंचायत नगर बाजार के वार्ड नंबर चार स्थित खुटहन अटल नगर में चार दिनों से लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वार्ड में बिजली का वोल्टेज 100 से 120 वोल्ट के बीच रह रहा है। इससे पंखे, कूलर, फ्रिज और पानी की मोटर समेत अन्य विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे हैं।
भीषण गर्मी और उमस के बीच पंखे और कूलर नहीं चलने से लोगों को रात में परेशानी हो रही है। पानी की मोटर न चल पाने से पेयजल का संकट भी गहरा गया है। वहीं, छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वार्डवासियों का कहना है कि समस्या की जानकारी कई बार संबंधित जेई और लाइनमैन को दी गई, लेकिन अभी तक इसका समाधान नहीं हुआ। लोगों के मुताबिक ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने अथवा विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी के कारण लो-वोल्टेज की समस्या हो सकती है।
वार्डवासियों ने जिलाधिकारी और विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता से मौके पर टीम भेजकर जांच कराने और जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।