बस्ती। जनपद में 15 और 16 दिसंबर को सारस पक्षी की संख्या और आवास की स्थिति का पता लगाने के लिए शीतकालीन गणना कराई जाएगी। वन विभाग ने गणना की तैयारियां पूरी कर ली है और सोमवार से अभियान शुरू होगा। यह प्रक्रिया हर वर्ष दो बार होती है, जिससे इस दुर्लभ पक्षी के संरक्षण में मदद मिल सके।
सारस पक्षी की संख्या और उसके प्राकृतिक आवास की स्थिति का पता लगाने के लिए बस्ती वन विभाग 15 और 16 दिसंबर को शीतकालीन सारस गणना कराएगा। अभियान के तहत प्रत्येक रेंज से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसकी सूची विभाग की तरफ से तैयार की गई है। वन विभाग की ओर से हर वर्ष दो बार ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन सारस गणना कराई जाती है। जिससे इस दुर्लभ और खूबसूरत पक्षी के संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें। इस बार की गणना भी दो दिन तक सुबह सात बजे से नौ बजे और शाम तीन से पांच बजे के बीच की जाएगी।
डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी के अनुसार प्रत्येक गणना स्थल का जीपीएस रीडिंग (अक्षांश और देशान्तर) दर्ज करना अनिवार्य होगा।