बस्ती। प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनप्रतिनिधियों ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में प्रेसवार्ता आयोजित कर विभिन्न योजनाओं का बखान किया। हर्रैया में भाजपा विधायक अजय सिंह और सदर विधानसभा में सदर ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता की।
हर्रैया ब्लॉक सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान विधायक अजय सिंह ने कहा कि बस्ती का नाम वशिष्ठ नगर और हर्रैया को दो तहसील में बनाने के लिए शासन स्तर पर प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रफल व आबादी के मामले में पड़ोसी जनपद संतकबीर नगर से बड़ी हर्रैया तहसील है। इसे बांटकर दो तहसील बनाए जाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा इसके लिए प्रस्ताव बनाकर संबंधित विभाग को भेज दिया गया है जल्द ही शासन स्तर से स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा जनपद का नाम बदलकर वशिष्ठ नगर किए जाने की पत्रावली पर भी शासन स्तर पर प्रस्तावित है। इन दोनों प्रस्तावों के लिए वह मुख्यमंत्री से भी जल्द मिलेंगे। विधायक ने कहा कि दुबौलिया पुलिस की हिरासत से छूटने के बाद किशोर की मौत के मामले में सरकार की संवेदना पीड़ित परिवार के साथ है। आरोपी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई भी हुई है। इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
उधर, सदर ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव ने बीडीओ विनय कुमार द्विवेदी के साथ ब्लॉक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ निचले तबके तब बगैर किसी भेदभाव के पहुंच रहा है। न कोई दलाली और न कोई पहुंच, सीधे डीबीटी के जरिये योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंच रहा है। आगे कहा कि विपक्ष केवल सरकार को बदनाम करने में जुटा है। कहा कि प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, मुफ्त राशन, वृद्धा, विधवा, विकलांग पेंशन, विवाह योजना, किसान सम्मान आदि योजनाओं से जनता प्रसन्न है और उसकी बुनियादी जरूरतें पूरी हो रही हैं। उन्होने आदर्श ग्राम पंचायत का निर्माण कर दूसरों के लिये प्रेरणासोत बने महसों ग्राम पंचायत के प्रधान अशोक वर्मा को सरकार द्वारा अच्छे कार्यों के लिये प्रदेश में पहला प्रोत्साहन राशि दिये जाने का स्वागत करते हुए बधाइयां दिया और लगातार ऐसे कार्य करते रहने को प्रेरित किया।
-