बस्ती। मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत शुक्रवार को थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महुआपार में बहू-बेटी सम्मेलन हुआ। नारी सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। महिलाओं और बालिकाओं ने खुलकर अपनी बातें रखीं।
सम्मेलन की अध्यक्षता महिला थाना प्रभारी डॉ. शालिनी सिंह ने की। उन्होंने महिलाओं को बताया कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे बिना झिझक 1090, 112, 181, 1930 जैसी हेल्पलाइन पर संपर्क करें, पुलिस तत्काल सहायता करेगी।
एक बहू ने बताया कि वह पहले इन हेल्पलाइन नंबरों से अनजान थी, लेकिन सम्मेलन से उसे बहुत लाभ हुआ। वहीं, एक अन्य बहू ने अपनी सास पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया। पुलिस टीम ने उसकी सास को बुलाकर समझाया कि दहेज उत्पीड़न घरेलू हिंसा अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। समझाने-बुझाने के बाद दोनों पक्ष राजी-खुशी साथ रहने को तैयार हो गए। पुलिस टीम ने अन्य महिलाओं की शिकायतें भी सुनीं और मौके पर ही उनके परिजनों को बुलाकर समस्याओं का समाधान कराया। सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं ने बताया कि इस पहल से उन्हें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिला है। महिला थाना प्रभारी ने कहा कि “मिशन शक्ति” का उद्देश्य सिर्फ अपराध रोकना नहीं, बल्कि हर बहू-बेटी को अपने अधिकारों और आत्मसम्मान के प्रति जागरूक करना है। इस सम्मेलन से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में नई शुरुआत हुई है।