बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के धोबहट निवासी मिश्रीलाल शुक्रवार को गांव और परिवार के लोगों के साथ डीआईजी और डीएम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन कर न्याय की गुहार लगाई। रास्ते में मारपीट, असलहे से फायरिंग और कार क्षतिग्रस्त करने के आरोपियों पर केस दर्ज करने की मांग की। चेतावनी दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी न हुई तो वे परिवार और राजनीतिक दलोें के सहयोग से सोमवार को कलक्ट्रेट के समक्ष धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
डीआईजी को दिए पत्र में मिश्रीलाल ने कहा है 12 मई को वे अपनी कार से पत्नी विमला देवी के साथ रिश्तेदारी में मरहा गांव जा रहे थे। उनका बेटा हरिओम कार चला रहा था। कड़बड़वा के पास गांव के ही कुछ लोगों ने अपनी कार को सामने लाकर खड़ा कर दिया और असलहा, डंडा, लोहे का पाइप आदि लेकर उनके लड़के हरिओम को घेर लिया।
आरोपियों ने धमकी दी कि बहन के मामले में सुलह कर लो वरना जान से मारे जाओगे। उन लोगोें ने जाति सूचक गालियां देते हुए उनके बेटे, पत्नी को बुरी तरह मारा-पीटा। लोगों के पहुंच जाने पर आरोपी धमकी देकर भाग गए। इस दौरान अरुन चौधरी, मुकेश भारती, नीलम, वासमती, राजकुमारी, सुभद्रा, मनीषा, विमला देवी, आकाश सम्राट, हरिओम, मिश्रीलाल, मुन्नालाल, सत्येंद्र, श्रवण कुमार, कुलदीप, बालकिशन आदि मौजूद रहे।