बस्ती। होलिका दहन पर सोमवार को शहर से लेकर कस्बाई बाजारों में रौनक दिखी। सुबह से लेकर देर रात तक बाजार गुलजार रहे। लोगों ने रंग, अबीर-गुलाल व पिचकारी की जमकर खरीदारी की। खाद्य पदार्थ से लेकर कपड़ा बाजार चमक उठा है। लाखों के कारोबार का अनुमान है।
होली को अब एक दिन शेष है। ऐसे में बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी है। बच्चों के लिए अबीर-गुलाल, पिचकारी व कपड़े खरीदने के लिए शहर व गांव के लोग पहुंच रहे हैं। गांधीनगर बाजार में होली की खरीदारी से उल्लास छाया हुआ है। दुकानदार प्रमोद ने बताया कि वाटर पिस्टल, वाटर ब्लास्टर व टैंक वाली पिचकारी बच्चों को भा रही है। वह करीब एक हजार से अधिक पिचकारी बेच चुके हैं।
इसी तरह पांडेय बाजार, मंगल बाजार, रोडवेज, कटरा, कंपनीबाग, फौव्वारा तिराहा, सिविल लाइन क्षेत्र में भी दिन बाजारों में चहल-पहल दिखी। हर्रैया में दुकानों पर भीड़ उमड़ी। लोग फूलों से बना गुलाल की मांग करते नजर आए। गनेशपुर, गोटवा, भानपुर, रुधौली, बनकटी और महादेवा बाजार में रौनक दिखी। खरीदारों के पहुंचने से व्यापारी भी खुश दिखे। कहा कि बेहतर कारोबार होने की उम्मीद है। वहीं, खाद्य पदार्थो सूजी, मैदा, ड्राई फूड, खोआ, पनीर और तेल की बिक्री भी खूब हुई।
वहीं बाजारों में रंग-गुलाल व आकर्षक पिचकारियों से सजी दुकानों पर ग्राहकों का तांता लगा हुआ है। इस बार बाजार में बच्चों और युवाओं के लिए कई आधुनिक उत्पाद मौजूद हैं। बाहुबली, अमेरिकन, कैप्टन और कार्टून कैरेक्टर वाली प्रेशर पिचकारियों की भारी मांग है। इसके अलावा, पीठ पर टांगने वाली टैंक पिचकारी बच्चों को खूब लुभा रही है।
हर्बल गुलाल पर है अधिक ध्यान : दुकानदार प्रमोद गुप्ता ने बताया कि जागरूकता के चलते लोग इस बार केमिकल वाले रंगों के बजाय हर्बल गुलाल और पानी में घुलने वाले प्राकृतिक रंगों को प्राथमिकता दे रहे हैं। रंग-बिरंगे फॉग स्प्रे का चलन भी इस बार जोरों पर है।