बस्ती। पारा पिछले रिकॉर्ड तोड़ रहा है। ऐसे में गर्मी से निजात दिलाने वाले उपकरणों की मांग कई गुना तक बढ़ गई है। कारोबारियों की मानें तो प्रतिवर्ष बाजार 10 फीसदी बढ़ता है पर बीते साल के सापेक्ष इस साल उपकरणों की बिक्री में 20 प्रतिशत उछाल आया है। इस बार अप्रैल की शुरुआत से ही गर्मी तपाने लगी थी। एसी, कूलर, पंखा, रेफ्रिजरेटर, वाटर कूलर की मांग बीते साल के सापेक्ष 20 फीसदी बढ़ गई है।
मई के अंतिम सप्ताह में पारा 41 डिग्री के पार पहुंचा तो उपकरणों की बिक्री इस कदर बढ़ी कि कई प्रतिष्ठानों में एसी-कूलर का स्टॉक खत्म हो गया है। कंपनियां सात से 10 दिन बाद स्टॉक उपलब्ध कराने का आश्वासन दे रही हैं। लिहाजा, अब लोगों को खरीदारी से पहले ऑर्डर बुक करने पड़ रहे हैं। व्यापारियों ने बताया कि पारा चढ़ने केे साथ ही इस भीषण गर्मी में एसी, कूलर व पंखे की डिमांड बढ़ने से पारा चढ़ गया है।
खरीदारों से दुकान गुलजार दिख रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण विक्रेता अभिषेक के मुताबिक उनके पुराने सभी उपकरण बिक गए। जिनमें तकनीकी खामी थी, उसे भी खुद से दुरुस्त कराने की बात कह रहे हैं। महंगा हो, कंपनी का या कैसा हो, यह बाद में देख रहे हैं। नया स्टॉक मंगाने के लिए दिल्ली, गाजियाबाद, हैदराबाद, नोएडा, गुजरात तक संपर्क करने पर सात दिन बाद ऑर्डर मिलने का आश्वासन मिल रहा है। गांधीनगर, मंगलबाजार, पांडेय बाजार, फव्वारा तिराहा समेत अन्य कस्बाई बाजार में इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर सुबह से देर रात तक ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है। ईएमआई की भी सुविधा उपलब्ध : विभिन्न कंपनियां एसी पर आकर्षक ऑफर और आसान ईएमआई सुविधा दे रही हैं, जिससे बिक्री में तेजी आई है। व्यापारियों के अनुसार, कच्चे तेल और प्लास्टिक दानों की कीमत बढ़ने से पंखों के दाम भी 10 से 12 फीसदी तक बढ़ गए हैं। इसके बावजूद भीषण गर्मी के चलते लोग राहत पाने के लिए खरीदारी कर रहे हैं। कारोबारियों का मानना है कि यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में बिक्री में और तेजी आ सकती है।