संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। प्रेमी के साथ मुंबई जाने की जिंद करने की वजह से पैकोलिया थाना क्षेत्र से अगवा किशोरी की हत्या की गई। उसी के दुपट्टे से मौत के घाट उतारने के बाद प्रेमी फरार हो गया था।
पुलिस ने शनिवार को केस का पर्दाफाश करते हुए आरोपी सूरज को पैकोलिया क्षेत्र के मुइली हड़ही से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस लाइंस सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि 18 मार्च को आरोपी सूरज ने प्रेमिका से बताया था कि वह मुंबई जा रहा है। यह सुनकर प्रेमिका ने मिलने की इच्छा जाहिर की।
सूरज गांव के एक शाख्स की कार मांगकर पड़ोस के गांव पिपरौला के विशाल भारती को बुलाकर उसके साथ पैकोलिया क्षेत्र की प्रेमिका के गांव के पास पहुंचा। वहां से किशोरी को कार में बैठाकर अपने गांव नगर थाना क्षेत्र के पकड़ी मिश्राइन गांव के पास ले गया। मजार के पास कार खड़ी कर विशाल को उसने देखरेख के लिए छोड़ दिया और प्रेमी-प्रेमिका सरसों के खेत में चले गए। पकड़े गए सूरज से पूछताछ के आधार पर एएसपी ने बताया कि वहां लड़की सूरज से मुंबई साथ ले चलने की जिद करने लगी। कहने लगी कि शादी कर उसे भी मुंबई ले चलो। सूरज ने उसके नाबालिग होने की दलील दी, मगर वह नहीं मानी। इसे लेकर दोनों में बहस होने लगी तो सूरज ने उसके दुपट्टे से गला कसकर मार डाला। शव को घसीटकर नदी में फेंक दिया और फरार हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला कसकर हत्या की पुष्टि हुई है।