संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बारिश के दौरान बिजली भी बार-बार दगा दे रही है। अधिकतर फीडरों की लाइन अचानक ट्रिप हो जा रही है। बारिश होने के दौरान जंपर और ट्रांसफाॅर्मर से धुआं निकल रहा है। आजकल लोकल फाल्ट की भी समस्या बढ़ी है। जिसे ठीक होने में घंटों लग जा रहे हैं।
बुधवार को गांधीनगर उपकेंद्र की 33 केवी लाइन ब्रेक हो गई, जिससे सुबह 10 से 12.30 बजे (ढाई घंटे) तक मुख्य बाजार गांधीनगर सहित एक दर्जन से अधिक मोहल्लों में बिजली गुल रही। इसके अलावा रौतापार उपकेंद्र, मालवीय रोड, पुरानी बस्ती, अमहट, बड़ेवन उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में भी बिजली आपूर्ति कई बार बाधित हुई।
गांधीनगर उपकेंद्र से जुड़े 33 केवी की मुख्य लाइन में सुबह दस बजे फाल्ट आ गया, जिससे लगभग आधे शहर की आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि विभाग तत्काल सक्रिय हो गया। मरम्मत टीम लगाई गई, लेकिन 33 केवी लाइन का फाल्ट ठीक होने में ढाई घंटे लग गए। इस दौरान बिजली न रहने से बाजार का कामकाज प्रभावित रहा।
घरों में लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। इसके अलावा पिकौरा बख्श, पिकौरा दत्तूराय, रौतापार, बड़ेवन, कटरा, पुरानी बस्ती आदि क्षेत्रों में लोकल फाल्ट की समस्या बढ़ गई थी। शहरी क्षेत्र में लगभग 50 की संख्या में लोकल फाल्ट दर्ज किए गए। विभिन्न उपकेंद्रों से जुड़ी लगभग 20 टीमों को मरम्मत कार्य में लगाया गया। बिजली कर्मचारी पूरे दिन जगह- जगह फाल्ट ठीक करने में जुटे रहे।