सोशल मीडिया पर वायरल गौर थाने के पुलिस कर्मियों के साथ आरोपी कुंदन सिंह की तस्वीर
बस्ती जिले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से दरिंदगी का शिकार हुई बिटिया का दूसरे दिन बुधवार को भी अंतिम संस्कार नहीं हो पाया। परिजन भाजपा नेता समेत फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस के आला अधिकारी दिनभर परिजनों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते रहे, लेकिन परिजन यकीन नहीं कर पाए।
दोपहर बाद पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया। इसके बाद परिजन बिटिया के अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। अब परिवार की बड़ी बेटी मुंबई से बृहस्पतिवार को घर आ जाएगी तब अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें: हैवानियत की हद पार: 12 साल की बालिका से आठ युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, हालत गंभीर
उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर में सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ा दी है। एक आरोपी को वारदात के दिन ही गिरफ्तार किया गया था, जबकि भाजपा नेता समेत फरार दो आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि तीनों आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
वहीं, मुकदमे के विवेचक ब्रिजेंद्र पटेल ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। उन्होंने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। तफ्तीश का पर्यवेक्षण कर रहे सीओ हर्रैया शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि आरोपी कुंदन सिंह वारदात को अंजाम देने के बाद जिला छोड़कर भाग गया था। उसे दूसरे जनपद से पकड़ा गया है। पुलिस टीम उसे लेकर आ रही है। देर रात तक टीम पहुंच जाएगी।