फोटोवाल्टरगंज। सल्टौआ ब्लॉक रोड पर नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ पर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। इससे माहौल भक्तिमय बना रहा। कलश यात्रा का शुभारंभ मुख्य यजमान पार्वती देवी के आवास से हुआ।
सिर पर कलश रखे पीत वस्त्र धारी महिलाएं और कन्याएं जयघोष करते हुए बगढेरवा स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचीं। यहां स्थित पोखरे से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से जल भरा गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर भावविभोर होकर नृत्य करते रहे, जिससे माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक बना रहा। कथा में अयोध्या धाम से पधारे कथावाचक उत्तम कृष्ण शास्त्री श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा का वर्णन करेंगे।
आयोजन समिति के सदस्य राजू, राम प्रसाद, प्रेम प्रकाश और अमन ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान का समापन 19 मार्च को होगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य के भागीदार बनने की अपील की है। संवाद