बस्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन सभागार में समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए वक्ताओं ने केंद्र सरकार के विगत 12 वर्षों में राष्ट्रहित, जनकल्याण एवं विकास के क्षेत्र में की गई उपलब्धियों की चर्चा की। बेटियों की पढ़ाई, शादी, बुजुर्गों के पेंशन के लाभ व व्यावहारिक समस्याओं पर संवाद हुआ।
विधायक हर्रैया प्रतिनिधि पं. सरोज मिश्र ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं, गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसान सम्मान और विकसित भारत के संकल्प पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने अंत्योदय की भावना को साकार करते हुए विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता ने सरकार की ओर से चलाई जा रही शादी, अभ्युदय, छात्रवृत्ति, शुल्क प्रतिपूर्ति, पेंशन, आर्थिक, पारिवारिक, ओ-लेवल प्रशिक्षण, छात्रावास योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। दिव्यांग, विधवा पेंशन के लाभ में आ रही कठिनाइयों पर चर्चा हुई। सिरसिया की शाकुरून्निशा ने पेंशन संबंधित विषयों पर संवाद किया।
प्रमोद ओझा ने भी सड़क सुरक्षा व अधिकार एवं कानूनी जानकारी प्रदान की। इस दौरान विश्वनाथ वर्मा, शैलेंद्र कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।