हर्रैया। छावनी कस्बे में राजस्व अभिलेखों में दर्ज सरकारी नाले पर दबंग स्थाई निर्माण कर कब्जा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस जगह निर्माण हो रहा है, वहां पर ग्राम पंचायत में नाला और ताल दर्ज है। यह नाला करीब छह किमी लंबाई में बना हुआ है।
बरसात के मौसम में इस नाले से पचवस, सोहगिया, खरहटिया, लखना, सौरी तालाबों सहित दर्जनों गांवों की जल निकासी होती है। नाला अवरुद्ध होने से बरसात के मौसम में गांवों में जलभराव की स्थिति बनने लगेगी।
बताया जा रहा कि काम को रोकने पहुंचे हल्का लेखपाल से भी कहासुनी हुई है। लेखपाल सुभाष यादव ने बताया कि जिस जमीन का 343 नंबर में बैनामा हुआ है, उसके अतिरिक्त ताल के नाम पर दर्ज जमीन 363 पर लोग कब्जा कर रहे हैं। छावनी कस्बे के राम जानकी मार्ग से सटे इस नाले की कीमती जमीन पर दबंगों की नजर है। पिछले कुछ दिनों में खानकला ग्राम पंचायत के प्रतापगढ़ कला में दर्ज ताल पर बैनामे की बात बताकर कुछ दबंग कब्जा कर रहे है। रात दिन निर्माण कार्य चल रहा है। दो दिन पूर्व ताल की जमीन पर कब्जे की शिकायत पर पहुंचे हल्का लेखपाल से भी लोगों की कहासुनी हो गई थी। एसडीएम उमाकांत तिवारी ने बताया कि प्रकरण की जांच कराएंगे।