बस्ती। छावनी क्षेत्र के विक्रमजोत कस्बे के चांदपुर पुरवा में एक युवती का कमरे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका शव मिला। बताया जा रहा है कि मंगेतर से बात करते-करते वह फंदे से झूल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चांदपुर पुरवा निवासी लाला निषाद की 18 वर्षीय बेटी कंचन निषाद की शादी तय थी। आठ जून को उसकी धूमधाम से सगाई हुई थी और नवंबर में शादी होनी थी। भाभी ने बताया कि बुधवार की देर रात कंचन उनके और अपनी बहनों के साथ खाना खाकर अपने कमरे में सोने चली गई। रात में मंगेतर से मोबाइल पर बात की। इसके बाद छत के कुंडे में दुपट्टे का फंदा बना कर झूल गई। देर रात उसके कमरे से किसी के छटपटाने की आवाज सुनाई दी। कंचन के कमरे का दरवाजा खोल अंदर गई तो उसका शव फंदे से लटकता मिला।
उसके मोबाइल को चेक करने पर पता चला कि उसने कुछ देर पहले अपने मंगेतर से बात की थी। देर रात ही सूचना पाकर थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद और चौकी इंचार्ज शशि शेखर सिंह मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह मृतका के बड़े भाई दीपक निषाद ने बहन की खुदकुशी करने की तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।