बभनान रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेलवे गेट पर लगा जाम। संवाद
बभनान। चार और दो पहिया वाहनों के रेला के आगे सोमवार की सुबह करीब 11:20 बजे बभनान रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेलवे गेट संख्या 221 सी का गेट बंद नहीं हो पाया। ऐसे में काठगोदाम से हावड़ा जाने वाली बाघ एक्सप्रेस को 12 मिनट तक बभनान स्टेशन के प्लेटफाॅर्म दो पर रोकना पड़ा। इसी बीच अप लाइन पर गौर की तरफ से आ रही मालगाड़ी को बढ़ौलीपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास रोक दिया गया। करीब 11:32 बजे गेट बंद होने के बाद ट्रेनों को रवाना किया गया।
सुबह करीब 10 बजे से बभनान-गौर से बभनान-हलुवा मार्ग को जोड़ने वाली सड़क पर जाम लगने लगा। धीरे-धीरे जाम में फंसने वाले दो और चार पहिया वाहनों की संख्या सैकड़ों हो गई। इस दौरान बभनान रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेलवे गेट संख्या 221 सी का गेटमैन गेट को गिराने की बार-बार कोशिश करता रहा, मगर वाहनों की आवाजाही से गेट बंद नहीं हो पा रहा था।
इसी बीच अप लाइन पर गौर की तरफ से आ रही मालगाड़ी को बढ़ौलीपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास रोकना पड़ा, जबकि काठगोदाम से चलकर हावड़ा जाने वाली बाघ एक्सप्रेस को रेलवे स्टेशन बभनान के प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर रोकना पड़ा। बभनान के स्टेशन अधीक्षक भागीरथी प्रजापति ने बताया कि गेट संख्या 221 सी पर लंबा जाम लग जाने के कारण गेट नहीं बंद हो सका। अप व डाउन लाइन पर ट्रेनों को रोकना पड़ा। गेट बंद होने के बाद ट्रेनों को रवाना किया गया।
करीब 12 मिनट तक बाघ एक्सप्रेस खड़ी रही। अप ट्रैक से गुजर रही मालगाड़ी भी खड़ी रही। ट्रेनों के गुजर जाने के बाद भी करीब एक घंटे तक रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या बनी रही।