कप्तानगंज(बस्ती)। दुबौलिया की तरफ से बृहस्पतिवार की शाम चार बजे मोरंग लेकर आ रहा ओवरलोड ट्रेलर फोरलेन पर मुड़ते समय उसका पिछला एक्सल टूट गया। इससे अयोध्या की तरफ जाने वाली लेन पूरी तरह से बंद हो गई और जाम लग गया। आनन-फानन पुलिस ने दूसरी लेन में डायवर्जन करके वाहनों को धीरे-धीरे निकाला लेकिन, देर रात तक वाहन उस जगह से रेंगते हुए निकल रहे थे।
कप्तानगंज चौराहे से हरैया की तरफ मुड़ते समय बायां एक्सल टूटने से ओवरलोड ट्रेलर अयोध्या जाने वाली लेन में खड़ा हो गया। बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी होने से चालक सकते में आ गया। इससे उस लेन में यातायात पूरी तरह से बंद हो गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आनन फानन कप्तानगंज चौराहे से लेकर पिकौरा सानी तक दूसरी लेन में डायवर्जन करके यातायात बहाल कराया। उसके बाद भी कई घंटे जाम की समस्या बनी रही। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और एनएचएआई टीम ट्रेलर पर लदे मोरंग को खाली कराने में जुटी थी। कप्तानगंज के एसओ सुनील कुमार गौड़ ने बताया कि वाहनों को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया जा रहा है।