छावनी। फोरलेन स्थित कस्बे के एक पेट्रोल पंप पर कार चालक पेट्रोल भरने वाले कर्मचारी को चकमा देकर भाग गया। पांच महीने पहले वही चालक उसी कार में चार हजार रुपये का पेट्रोल भरवाकर भाग गया था। इस बार सीसीटीवी फुटेज में उसकी कार का नंबर आ गया। पंप मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
छावनी थाना क्षेत्र के मझौवा दूबे स्थित चौहान फिलिंग स्टेशन के मैनेजर चंद्रभान चौहान ने तहरीर में बताया कि दो अप्रैल की रात 9.30 बजे के करीब लाल रंग की कार लेकर कुछ लोग पहुंचे। उन लोगों ने कार में 3700 रुपये का पेट्रोल भराया। कर्मचारी ने टंकी का ढक्कन जैसे ही बंद किया, चालक कार लेकर भाग निकला। इस दौरान कार को रोकने का प्रयास करने वाला एक कर्मचारी चोटिल हो गया। मैनेजर के अनुसार, 10 अक्तूबर 2024 को इसी कार में चार हजार का पेट्रोल डलवाकर चालक भाग गया था। इसकी सूचना 112 नंबर पर दी गई थी। एसओ भानु प्रताप सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर फुटेज और पंजीकरण नंबर के जरिए कार चालक और मालिक का पता लगाया जा रहा है।