बस्ती। गरीबों को पक्के मकान मुहैया कराने के नाम पर चालू वित्तीय वर्ष में 10,09,20,000 रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण से 14 ब्लॉकों में 841 गरीबों के चयन का लक्ष्य तय हुआ है। इससे बेघर परिवार का आवास पाने का सपना साकार होगा और सिर पर छत होने से ठौर मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में प्राकृतिक व दैवीय आपदा सहित अन्य को पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना तैयार की गई है। प्राकृतिक व दैवीय आपदा से बेघर हुए गरीबों के साथ अन्य का चयन किया जाएगा। जिसमें 477 सामान्य के, 364 अनुसूचित जाति के लाभार्थी शामिल होंगे। इसमें कुष्ठ रोगी भी अपना पक्का मकान बनाएंगे। प्रत्येक लाभार्थी का मकान 1.20 लाख रुपये में तैयार होगा। चयनित लाभार्थी को 40 हजार रुपये की पहली किस्त दी जाएगी। दीवार तक निर्माण पूरा होने के बाद हर लाभार्थी के बैंक खाते में 70 हजार रुपये की दूसरी किस्त भेजी जाएगी।
छत तक निर्माण पूरा होने के बाद प्लास्टर व रंगाई-पोताई के लिए लाभार्थी को 10 हजार रुपये की तीसरी किस्त मिलेगी। ग्राम्य विकास विभाग की ओर से ब्लॉकवार लक्ष्य जारी कर दिया गया है। सल्टौआ गोपालपुर में 61 आवास जबकि सभी 13 ब्लॉकों को 60-60 आवास का लक्ष्य दिया गया है। इसमें प्रति ब्लॉक अनुसूचित जाति के लिए 26-26 जबकि सामान्य श्रेणी के लाभार्थियों के लिए 34-34 आवास बनाए जाएंगे। सल्टौआ में सामान्य में एक आवास अधिक है।