रुधौली। लुंबिनी-दुद्धी हाईवे पर रुधौली कस्बे में डुमरियागंज मोड़ पर बने नाले का ढक्कन टूट जाने के बाद नाला तो पट गया लेकिन नाले का ढक्कन नहीं लग सका। नाले के ढक्कन में प्रयुक्त सरिया बाहर निकल गई है। इसके कारण अक्सर लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।
वर्ष 2015 लुंबिनी-दुद्धी हाईवे सड़क के साथ सीसी नाले का निर्माण कराया गया था। निर्माण के लगभग एक वर्ष के भीतर कस्बे में डुमरियागंज मोड़ पर एनएच के नाले का ढक्कन टूट गया। लेकिन, एनएच के जिम्मेदारों ने ढक्कन का निर्माण नहीं कराया।
गन्ना सीजन में शुगर मिल जाने वाली गन्ना लदी गाड़ियां भी इसी मोड़ से होकर गुजरती हैं। इसको देखते हुए शुगर मिल ने इस नाले को ढक दिया था लेकिन वह भी कारगर नहीं रह गया है। स्थानीय ओमनाथ सोनी, रवि मोदनवाल, राजकुमार सोनी, संदीप जयसवाल, प्रदीप गुप्ता, अनिल सिंह का कहना है कि मोड़ के कारण भारी गाड़ियों के दबाव से ढक्कन टूट जाते हैं, मोड़ वाले नाले के ऊपर छोटी पुलिया के निर्माण से समस्या का हल निकल सकता है।
उप जिलाधिकारी सत्येंद्र सिंह का कहना है कि एनएचएआई को समस्या के निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया है। नगर पंचायत की ओर से भी कई बार पत्र भेजा जा चुका है। नगर पंचायत अध्यक्ष धीरसेन निषाद ने बताया कि नाले पर ढक्कन निर्माण के लिए कई बार पत्र भेजा गया है। संवाद