सोनहा। थाना क्षेत्र के परसा खुर्द बुजुर्ग उर्फ दरियापुर जंगल गांव के टोला भैंसहवा में बृहस्पतिवार रात संदिग्ध हालात में युवती की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहां के राजाराम की पुत्री शीला उर्फ मुन्नी (19) बृहस्पतिवार शाम को घर में अकेली थी। उसकी मां व भाभी भी बाजार में खरीदारी करने गईं थीं।
पिता शाम को करीब 7 बजे बकरियों को चराकर घर लौटे। उन्होंने आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला। वह अंदर गए देखा कि उनकी पुत्री अरगनी में दुपट्टे के सहारे लटकी थी। उनका शोर सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाया। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रभारी निरीक्षक चंदन कुमार ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। मृतका चार बहनों व तीन भाइयों में सबसे छोटी थी। संवाद