गेट संख्या 212 सी पर बड़े वाहनों का आवागमन हो गया था ठप
संवाद न्यूज एजेंसी
गौर। पूर्वोत्तर रेलवे के गौर-टिनिच रेलवे स्टेशन के बीच गेट संख्या 212 सी में तकनीकी खराबी होने के कारण करीब 15 घंटे तक रेलवे क्रॉसिंग बंद रहा। इसके चलते बड़े वाहनों का आवागमन ठप रहा। सोमवार की दोपहर में रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के कर्मियों ने गेट को दुरुस्त किया।
जानकारी के अनुसार, गौर रेलवे स्टेशन से तीन किमी पूरब केसरई गांव के पास गेट संख्या 212 सी रविवार की रात करीब 10 बजे के आसपास बंद करते समय अचानक खराब हो गया। इससे गेट पूरी तरह से लाॅक हो गया। गेट के खराब होने की जानकारी गेटमैन विक्रमाजीत ने स्टेशन गौर को दी, मगर रात होने के चलते गेट सही नहीं हो पाया। इससे पूरी रात गेट बंद रहा और दूसरे दिन सोमवार की दोपहर में रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के कर्मियों ने गेट को दुरुस्त किया।
इसके बाद आवागमन बहाल हुआ। लगातार 15 घंटे तक गेट बंद होने से उस रास्ते से आने-जाने वाले बड़े वाहनों को कई किमी अधिक की दूरी तय कर आना-जाना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूल वाहनों, गन्ना किसानों की बैलगाड़ी, ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर आने-जाने वालों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इंजीनियरिंग विभाग के चांदी शर्मा ने बताया कि गेट का चकरी निकल गया था और वह पूरी तरह से सेट नहीं हो पाया था। इसके चलते वहां खराब हो गया। गेट को दोपहर में दुरुस्त कर चालू कर दिया गया है।