बस्ती। लोक निर्माण विभाग की मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जिले की दो विधानसभा क्षेत्रों की 12 ग्रामीण सड़कों की दशा सुधारी जाएगी। इसके लिए शासन ने 19 करोड़ 79 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है। पहली किस्त के रूप में 6 करोड़ 70 लाख रुपये जारी किए गए हैं। अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। फर्म के चयन के बाद कार्य शुरू होगा। सड़कों के निर्माण और मरम्मत से करीब दो लाख से अधिक की आबादी को आवागमन में राहत मिलेगी।
महादेवा और हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में छह-छह सड़कों का निर्माण और मरम्मत कराया जाएगा। इन सड़कों की कुल लंबाई करीब 18.5 किलोमीटर है। लिंक मार्गों से जुड़ी इन ग्रामीण सड़कों के दुरुस्त होने से आसपास के गांवों के लोगों का आवागमन आसान होगा। खराब सड़कों के कारण लंबे समय से परेशान ग्रामीणों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
जिले में पीडब्ल्यूडी की ओर से 150 से अधिक ग्रामीण सड़कों की विशेष मरम्मत और निर्माण का प्रस्ताव जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शासन को भेजा गया है। इन प्रस्तावों में से क्रमवार सड़कों को शासन स्तर से मंजूरी मिल रही है।