बस्ती। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के गूदी गांव से सुबह साढ़े छह बजे छह वर्षीय मासूम के लापता होने की सूचना से हड़कंप मच गया। एसपी, एएसपी, तीन सीओ और पांच थाने की फोर्स पहुंच गई। गांव से लगभग पांच किलोमीटर दूर जय-विजय प्राथमिक विद्यालय के पास मासूम को सुरक्षित देख सबने राहत की सांस ली। क्षेत्र के गूदी गांव में प्रहलाद चौधरी के घर चार जून को शादी थी। कोतवाली क्षेत्र के बरहुचा में ब्याही प्रहलाद की पुत्री सुशीला पत्नी परशुराम चौधरी भी अपने छह वर्षीय बेटे जयेश को लेकर आई थी। शुक्रवार को घर के बाहर खेलते समय जयेश लापता हो गया। परिजनों ने करीब साढ़े नौ बजे इसकी सूचना मुंडेरवा पुलिस को दी। कुछ ही देर में एसपी अभिनंदन, एएसपी ओपी सिंह, क्षेत्राधिकारी रुधौली स्वार्णिमा सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर सतेंद्र भूषण तिवारी, क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप त्रिपाठी और थानाध्यक्ष मुंडेरवा अतुल कुमार अंजान के साथ थाना नगर, रुधौली, पुरानी बस्ती, व लालगंज थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। दोपहर लगभग सवा 12 बजे सूचना मिली कि लड़का जयविजय प्राथमिक विद्यालय पर है। थानाध्यक्ष मुंडेरवा अतुल कुमार अंजान वहां पहुंचे और बच्चे को लाकर परिजनों को सौंप दिया।
पता चला कि जयेश अपने नाना के घर से अपने गांव बरहुचा जाने के लिए कह रहा था। सुबह छह बजे उसी रास्ते पर उसके मामा अपनी दूसरी बहन को बाइक पर बैठाकर उसकी ससुराल छोड़ने गए थे। जयेश भी उसी रास्ते पर निकल लिया। मगर, रास्ता भटक कर जय विजय प्राथमिक विद्यालय पहुंच गया। करीब आठ बजे बगल के मकान की सीढ़ी पर बैठ कर रोने लगा। गांव के विश्राम यादव उसे अपने घर ले गए और नहला-धुलाकर खाना खिलाया। उसी वक्त पहुंचे बिजली के मीटर रीडर ने बताया कि गूदी गांव से एक लड़का लापता है। पुलिस उसे ढूंढ़ रही है। मीटर रीडर ने बच्चे से बातचीत करनी शुरू की तो उसने अपना नाम और पिता का मोबाइल नंबर बताया।