दबंगों ने रुधौली में टैक्सी स्टैंड पर परिचालक को पीटा
रुधौली (ब्यूरो)। नगर पंचायत में टैक्सी स्टैंड पर चार्ज न देने को लेकर दबंगों ने एक प्राइवेट बस के परिचालक की पिटाई कर घायल कर दिया। चालक को गालियां देकर धमकाया। परिचालक की सरेराह हुई पिटाई से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। पुलिस ने परिचालक की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सिद्धार्थनगर निवासी परिचालक रामू जायसवाल ने पुलिस को दिए तहरीर में आरोप लगाया है कि शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे चालक के साथ वह बस लेकर बांसी से दिल्ली जा रहे थे। बस रुधौली नगर पंचायत की सीमा में पहुंची। बखिरा तिराहे पर स्थित टैक्सी स्टैंड पर वसूली कर रहे ठेकेदार कर्मियों ने बस को रुकने का इशारा किया। चालक ने बस रोक दी। उसने ठेकेदार कर्मियों से रुधौली स्टैंड पर एक भी सवारी न उतारने एवं बैठाने की बात कही। टैक्सी स्टैंड का किराया देने से मना करते हुए बस आगे बढ़ा दी। ठेकेदार कर्मियों ने बाइक से पीछा कर मुड़ियार तिराहे के पास बस को रोक लिया और किराया न देने पर अभद्रता करने लगे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर क्षेत्र के सुरवार खुर्द निवासी सिद्धेश सिंह, पड़री निवासी विवेक सिंह एवं अभिजीत सिंह, सुरवार निवासी अनुज सिंह श्रीनेत, कर्मा निवासी शुभम सिंह, छपिया निवासी दिनेश व रुधौली निवासी सूर्यभान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी अवनीश सिंह ने बताया कि जो वाहन बाहर से आकर बिना नगर पंचायत की सीमा में सवारी उतारे या बैठाए आगे बढ़ रही हैं, उनसे ठेकेदार को वसूली करने का अधिकार नहीं है। इस संबंध मे एसओ रुधौली सुरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।