बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के राज्य कृषि उत्पादन मंडी समिति अमौली की गल्ला मंडी में सांड़ ने ट्रक चालक 55 वर्षीय जैसराज यादव पर सोमवार दोपहर उस समय हमला कर दिया, जब वह पल्लेदारों व अन्य सहयोगियों के साथ ट्रक पर रस्सा कस रहे थे। सांड़ के एक ही धक्का मारने के बाद जैसराज यादव ट्रक से टकराने के बाद नीचे गिर गए। घटना से पूरे मंडी परिसर में दहशत फैल गई।
लोगों ने बताया कि ट्रक के पास कार लेकर मौजूद आढ़ती चालक को वहीं छोड़ पल्लेदारों को कार में बैठाकर चला गया। कुछ देर बाद लोग पहुंचे तो जैसराज की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों का कहना है कि वहां मौजूद लोग भागने के बजाए अगर घायल को अस्पताल ले गए होते तो संभव था कि जान बच गई होती।
जानकारी के अनुसार, वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत तेलियाडिह निवासी 55 वर्षीय जैसराज यादव अनाज मंडी के गल्ला व्यापारी लक्ष्मीनारायण गुप्ता का ट्रक चलाते थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात कहीं से माल लाकर परिसर में गाड़ी खड़ी करके ट्रक में ही सो गए। सोमवार सुबह ट्रक मालिक के दूसरे ट्रक पर उसके चालक-खलासी और पल्लेदारों के साथ रस्सा कसवाने लगे। उसी समय एक काले रंग का सांड़ घूमते हुए पहुंचा। एक बार ट्रक के तरफ से सांड़ कुछ दूर आगे बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसराज कंडक्टर साइड से केबिन की तरफ देखने लगे। तभी आगे जा रहे सांड़ ने जैसराज को पूरी ताकत से धक्का मार दिया।