बस्ती। पंचायत चुनावों की सरगर्मी के बीच जिले की पंचायतों के लिए बजट आवंटित हुआ है। 15वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत अनटाइड ग्रांट की द्वितीय किस्त जारी कर दी गई है। इसके तहत जिले को करीब 15.34 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।
चुनावी माहौल में इस फंड को ग्रामीण विकास से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे गांव के अधूरे कार्य जल्द पूरे होंगे। बजट से ग्राम प्रधानों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
जानकारी के अनुसार जिले में 1187 ग्राम पंचायतें वर्तमान में हैं। यहां पंचायतीराज विभाग हर माह कार्ययोजना तैयार करके कार्य करवा रहा है। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार से अलग-अलग मद में बजट जारी किया जा रहा है। इसी क्रम में 15वां वित्त अनटाइड ग्रांट में बजट प्राप्त हुआ है। इससे ग्रामीण विकास तेजी से होगा।
अधूरे कार्य जल्द पूरा करने में मदद मिलेगी। इसमें जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायतों और ग्राम पंचायतों को अलग-अलग मद के हिसाब से रुपये आवंटित किए गए हैं।
शासन ने निर्देश दिए हैं कि यह राशि केवल निर्धारित कार्यों पर ही खर्च होगी और किसी भी प्रकार का समायोजन नहीं होगा। जिला पंचायत राज अधिकारी घनश्याम सागर ने बताया कि अनटाइड ग्रांट का यह फंड पंचायतों के बुनियादी विकास कार्यों के लिए अत्यंत जरूरी है।
चुनाव करीब हैं, ऐसे में पंचायतों को यह विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि धनराशि का उपयोग पारदर्शी तरीके से और केवल स्वीकृत मदों पर ही किया जाए। अब ग्राम पंचायतों को बजट आवंटन के लिए डिमांड मांगा जा रहा है।