कप्तानगंज, बस्ती। कस्बे से सटे नकटीदेई में सड़क किनारे स्थित मकान के बंद कमरे में महिला का छत के कुंडे से लटका शव मिलने से सनसनी फैल गई। मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में फील्ड यूनिट के नमूने संग्रह करने के बाद शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बताया जा रहा है कि पुष्पा एक हफ्ते के लिए हरियाणा अपने भाई के पास गई थी। तीन दिन पहले वहां से लौटकर ससुराल आई थी। पति राकेश ने बताया कि रविवार को भोजन करने के बाद सभी लोग सो गए। गर्मी अधिक होने से वह बरामदे में सो गया था। सोमवार की सुबह कमरे का दरवाजा अंदर से बंद देख लगा कि वह अभी सो रही है। आवाज लगाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। आशंका होने पर खिड़की से झांक कर देखा तो वह छत के कुंडे से दुपट्टे के फंदे से लटक रही थी।
गौर थानाक्षेत्र के टिनिच बाजार निवासी पुष्पा देवी की कप्तानगंज थाने के नकटीदेई निवासी राकेश के साथ 24 अप्रैल 2018 को शादी हुई थी। राकेश इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाते हैं। शादी के पहले ही पुष्पा डी-फार्मा कर चुकी थी। ससुराल आने के बाद उसके नाम से मेडिकल स्टोर खोलवा दिया था।
दोनोंं का दो साल का बेटा भी है। सीओ प्रदीप कुमार तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण साफ हो पाएगा।