- घर के लोग खेत में करने गए थे काम, लौटे तो कमरा अंदर से बंद मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के बाघापार गांव में रविवार को 11वीं की छात्रा का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में लटका पाया गया। किशोरी छत के कुंडे से साड़ी के फंदे से झूल रही थी।
जानकारी के अनुसार, बाघापार गांव निवासी हरीश गौड़ की 16 वर्षीय बेटी काजल 11वीं की छात्रा थी। पिता हरीश ने बताया कि सुबह घर के सभी लोग खेत में काम करने गए थे। घर पर बेटी काजल और करिश्मा मौजूद रही। कुछ ही देर के बाद काजल ने चाय बनाकर छोटी बहन करिश्मा को खेत में पहुंचाने के लिए भेज दिया। इसके बाद वह घर में अकेली हो गई। परिजन सुबह करीब 9:30 बजे जब खेत से घर लौटे तो रसोई में कुकर में दाल पक रही थी। काजल नहीं दिखी। आवाज लगाने पर भी जब उसकी आहट नहीं मिली तो कमरा देखा गया।
पिता ने बताया कि अंदर से कमरे का दरवाजा बंद मिलने पर अनहोनी की शंका होने लगी। कई बार आवाज लगाने के बाद भी कमरा नहीं खुला। धक्का देकर दरवाजा तोड़ना पड़ा। काजल छत के कुंडे में साड़ी के फंदे के सहारे लटकी हुई मिली। माता-पिता के अलावा बहन करिश्मा और भाई राज का भी रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। लालगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार गौड़ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।