बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव में मंगलवार की शाम को संदिग्ध हालात में कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे 15 वर्षीय छात्रा का शव लटका मिला। लालगंज पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या कर कमरे से भागते हुए युवक को देखा गया है। भरवलिया गांव निवासी निवासी नरोत्तम की पत्नी राजपति ने बताया कि वह 15 वर्षीय बेटी अंजली के साथ गांव से बाहर सड़क के किनारे स्थित मकान में रहती है। पति नरोत्तम व बेटा संदीप मुंबई में रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं। बेटी बनकटी के एक स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा थी। उसने बताया कि मंगलवार की शाम करीब पांच बजे बनकटी बाजार से आने पर कमरा खुला हुआ था। बेटी का शव कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटक रहा था।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। संवाद