गौर। पूर्वोत्तर रेलवे के बभनान-परसा तिवारी व स्वामीनारायण छपिया रेलवे स्टेशन के मध्य (12 किमी) चल रहे ऑटोमेटिक सिग्नलिंग के कमिशनिंग व नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य शनिवार को शाम करीब चार बजे समाप्त हो गया। 34 घंटे ब्लॉक के बाद ट्रेनों का आवागमन पूर्व की तरह शुरू हो गया है। वहीं निरस्त चल रही ट्रेनें व परिवर्तित मार्ग से जाने वाली सभी ट्रेनों का संचालन बस्ती-बभनान के रास्ते शुरू हो गया है। इससे यात्रियों ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि गोरखपुर-गोंडा रेल खंड पर अब डोमिनगढ़ से स्वामीनारायण छपिया रेलवे स्टेशन तक 102 किमी तक ऑटोमेटिक सिग्नलिंग प्रणाली का कार्य पूरा हो गया है, इससे अब ट्रेनों को बीच में अधिक देर तक नहीं रुकना पड़ेगा और समय से ट्रेनों का संचालन होगा। इस व्यवस्था से सफर करने वाले यात्रियों को आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। 23 जनवरी को सुबह छह बजे से ब्लॉक के चलते बस्ती के रास्ते जाने वाली अधिकतर एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया था, जिसे गोरखपुर, बढ़नी, गोंडा के रास्ते चलाया जा रहा था।
दोपहर बाद जैसे ही ब्लॉक खत्म हुआ कि शाम 4 बजे से ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। स्टेशन अधीक्षक बभनान बी. प्रजापति ने बताया कि ब्लॉक के चलते यात्रियों को काफी समस्या उठानी पड़ी। अब ट्रेनों का संचालन पूर्व की तरह शुरू हो गया है, बभनान स्टेशन पर रुकने वाली सभी ट्रेनों का आवागमन बहाल हो गया है, स्टेशन पर यात्रियों का आने-जाने का सिलसिला शुरू हो गया है।
बोले यात्री
बभनान कस्बे के व्यापारी राधेश्याम जयसवाल, आशीष कसौधन, दीनानाथ गुप्ता, दिनेश सोनी ने बताया कि ट्रेनों का आवागमन शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ व्यापारियों ने राहत की सांस ली है, दो दिन ब्लॉक के चलते बभनान रेलवे स्टेशन पर किसी भी ट्रेन का ठहराव न होने से लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ी। इस क्षेत्र के लोगों का मुख्य साधन रेल है और कस्बे के व्यापारियों का ट्रेन से बड़े शहरों से अपना व्यापार करते हैं। व्यापारियों ने बताया कि प्रतिदिन भारी संख्या में लोगों का लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर जैसे बड़े शहरों में आना-जाना होता है। ऑटोमेटिक सिग्नलिंग प्रणाली के चालू होने से रेल संचालन में काफी तेजी आएगी।
कोट
बभनान-परसा तिवारी व स्वामीनारायण छपिया रेलवे स्टेशन के मध्य रेलवे प्रशासन की ओर से चल रहे ऑटोमेटिक सिग्नलिंग प्रणाली का कार्य पूरा हो गया है और ब्लॉक भी खत्म हो गया है। परिवर्तित मार्ग से चल रही ट्रेनों को गोरखपुर-बस्ती के रास्ते आवागमन शुरू हो गया है।
-पंकज कुमार सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर