बस्ती। गोंडा-बुढ़वल रेल खंड पर कचहरी रेलवे स्टेशन के पास चल रहे मेगा ब्लॉक के चलते पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती के रास्ते जाने वाली अधिकांश एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से चल रही हैं। शुक्रवार को जाने वाली अंबाला कैंट-मऊ स्पेशल अपने निर्धारित समय से 11 घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची।
मेगा ब्लॉक के कारण रेलवे प्रशासन की ओर से कुछ ट्रेनों को मार्ग परिवर्तित कर चलाया जा रहा है, जबकि तमाम ट्रेनें काफी विलंब से चल रही है, जिससे यात्रियों को काफी परेशान होना पड़ रहा है, रेलवे समय सािरणी के अनुसार अंबाला कैंट मऊ स्पेशल ट्रेन को सुबह 6:15 बजे स्टेशन पर आने का समय था, लेकिन 11 घंटे लेट होने से यह ट्रेन शाम को 5:15 बजे के बाद आई। जबकि सीएसएमटी गोरखपुर स्पेशल ट्रेन को सुबह 7:52 बजे आने का समय निर्धारित था लेकिन 10:30 घंटे लेट होने से यह ट्रेन शाम को 6:30 बजे स्टेशन पर पहुंची।
इसी तरह आम्रपाली एक्सप्रेस 3 घंटे, गोरखपुर राप्तीसागर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 4:15 घंटे, बरौनी नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 3 घंटे, पूणे गोरखपुर स्पेशल 6 घंटे, दरभंगा नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 5:30 घंटे, जोधपुर गोरखपुर स्पेशल 2 घंटे, गोरखपुर सीएसएमटी स्पेशल 6:15 घंटे, जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस 7:30 घंटे, अवध एक्सप्रेस 4 घंटे, अवध आसाम 1 घंटे, गोरखपुर हडपसर 4 घंटे, योगनगरी ऋषिकेश ढाई घंटे और नई दिल्ली दरभंगा क्लोन स्पेशल अपने निर्धारित समय से 5:30 घंटे की देरी से चल रही थी।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि गोंडा से कचहरी रेलवे स्टेशन तक तीसरी रेलवे लाइन का प्री-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य कराए जा रहे हैं, जिसके चलते रेलवे प्रशासन की ओर से पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त किया गया है, कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है, ब्लॉक के चलते कुछ ट्रेन लेट से चल रही है।