बस्ती। बुधवार को प्रभारी डीएम सीडीओ सोबरन सिंह ने डीएम की ओर से गोद लिए
गए गांव मलिकपुरवा में पोषण मिशन का जायजा लिया। बच्चों के स्वास्थ्य और
पोषण संबंधी जानकारी प्राप्त की।
प्रभारी डीएम ने मलिकपुरवा गांव
में उपस्थित महिलाओं, किशोरियों के साथ ग्राम वासियों से पोषण मिशन के बारे
में जानकारी ली। गांव में वजन दिवस के दौरान पाए गए नए सात बच्चों सहित
कुल 10 अतिकुपोषित बच्चे है।
इनके बारे में जानकारी देते हुए डीपीओ
मनोज कुमार ने बताया कि अतिकुपोषित बच्चों में से तीन की जांच जिला
अस्पताल में कराई गई है। शेष बच्चों की जांच एएनम की ओर से की गई है।
प्रभारी
डीएम सोबरन सिंह ने पोषाहार के पैकेट पर अंकित सूचना के बारे में मुख्य
सेविका से पूछताछ की गई, जिस पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई। इस पर
उन्होंने नाराजगी जताई।
वहीं महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने जब
पोषाहार के पैकेट पर अंकित सूचना की स्पष्ट जानकारी दी तो प्रभारी डीएम ने
उसे शाबाशी दी। इसके बाद एएनम की ओर से सभी किशोरियों को आयरन की गोली न
देने पर भी नाराजगी जताते हुए उसे तत्काल वितरित करने के निर्देश दिए।
गांव
के सेक्रेटरी और लेखपाल की ओर से बुकलेट तैयार न करने पर प्रभारी डीएम ने
उन्हें फटकार लगाई। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का
निर्वहन ठीक ढंग से करने को कहा।
डीपीओ ने महिलाओं के खान पान में
स्वच्छता और अतिरिक्त आहार की जानकारी दी तो डिप्टी सीएमओ डॉ. सीएल
कन्नौजिया ने शौचालयों के प्रयोग न करने से होने वाली बीमारियों के बारे
में बताया। इस मौके पर प्रभारी सीडीपीओ सुगंधी मिश्रा, राज्य पोषण मिशन के
मंडल कोऑर्डिनेटर शैलेंद्र त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।