धान खरीद सहित अन्य समस्याओ को लेकर भाकियू ने रूधौली तहसील पर किया प्रर्दशन।
तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे डीएम नरेंद्र सिंह पटेल के सामने उस समय असंमजस की स्थित उत्पन्न हो गई, जब भाकियू के कार्यकर्ता छह-सात ट्राली धान लेकर सीधे तहसील दिवस में धमक पड़े। डीएम के सामने ही शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हुए धान खरीद की मांग करने लगे। नाराज डीएम ने त्वरित डिप्टी आरएमओ को धान खरीद के लिए निर्देश दिया।
रामसुधि किसान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने धान क्रय केंद्र न संचालित किए जाने से कम दाम पर धान बेचने, किसानों व मजदूरों को शीघ्र राशन कार्ड दिलाने, अवैध अतिक्रमण हटाने, भितेहरा में बंजर भूमि को चिन्हित करने के आदेश का अनुपालन न होने, राशन कार्ड पर एक लीटर मिट्टी का तेल देने, आवेदन के बाद भी विधवा एवं वृद्धा पेंशन न मिलने, गन्ना भुगतान गन्ना तौल के चौदह दिनों के भीतर कराने, किसानों को आपदा राहत शीघ्र दिलाने, ठंड के मौसम में गरीबों को कंबल वितरण कराने संबंधित समस्याओं का ज्ञापन डीएम को दिया। तहसील दिवस में कुल 40 मामले आए जिनमें महज तीन मामलों का ही निस्तारण हुआ। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, सीएमओ जेपी सिंह, एसडीएम, तहसीलदार , बीडीओ सहित अन्य मौजूद रहे।