- आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
वाल्टरगंज। क्षेत्र के हाथा बुजुर्ग गांव में किराए के मकान में रहने वाली किशोरी ने प्रेम-प्रसंग में आत्महत्या की थी। पुलिस के मुताबिक बगल के गांव बेलहरा के रहने वाले प्रेमी ने उसे मोबाइल और सिम दे रखा था। लौटाने को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। जिसके बाद किशोरी ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस के मुताबिक आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी शिव शक्ति प्रताप सिंह उर्फ कक्कू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
बता दें कि इसी थाने के एक गांव का व्यक्ति परिवार के साथ हाथा गांव निवासी राम करन चौधरी के मकान में किराए पर रहता है। रविवार की रात 14 वर्षीय बेटी का शव घर के अंदर फंदे से लटका पाया गया था। मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किया था। सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि पूछताछ के बाद प्रेम-प्रसंग में आत्महत्या करने का मामला पाया गया।