बभनान। रेलवे गेट संख्या 222 ए में तकनीकी खराबी के चलते मथुरा-छपरा एक्सप्रेस ट्रेन 20 मिनट तक बभनान रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। वहीं रेलवे गेट संख्या 221 पर अप ट्रैक पर गेट न बंद होने के कारण बीसीएम मालगाड़ी को रोकना पड़ा। गेटमैन की सूचना के बाद टेक्निकल की टीम ने गेट को सही किया। इस दौरान स्लाइडर बूम पर ट्रेनों का संचालन किया गया।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को मथुरा से चलकर छपरा जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन 4:52 पर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इस ट्रेन को बभनान रेलवे स्टेशन पर 2 मिनट ठहरना था पर रेलवे गेट संख्या 222 ए में तकनीकी खराबी के चलते गेट बंद नहीं हो पाया। इसके चलते यह ट्रेन गंतव्य के लिए 5:14 पर रवाना हुई वहीं गेट बंद न होने के चलते अप लाइन से आ रही मालगाड़ी भी 221 के समीप खड़ी रही। इस संबंध में आरपीएफ चौकी इंचार्ज बभनान विश्वामित्र यादव ने बताया कि रेलवे गेट में तकनीकी खराबी आने की सूचना मिली थी।