बस्ती। टेट (टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट) की अनिवार्यता को लेकर शिक्षक संघ का आंदोलन चरणबद्ध ढंग से जारी है। सोमवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल के नेतृत्व में शिक्षकों और संघ पदाधिकारियों ने अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय नेतृत्व के आवाहन पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) के माध्यम से राष्ट्रपति, सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और बेसिक शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा।
उदय शंकर शुक्ल ने बताया कि 22 सितंबर से 15 अक्टूबर तक शिक्षक काली पट्टी बांधकर पढ़ाई करेंगे। इसके साथ ही 24 दिवसीय राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत क्षेत्रीय अध्यक्ष, मंत्री और पदाधिकारी प्रतिदिन एक-एक न्याय पंचायत के शिक्षकों से हस्ताक्षर कराएंगे। हस्ताक्षरित ज्ञापन ईमेल के माध्यम से राष्ट्रपति, सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश और बेसिक शिक्षा मंत्री को भेजा जाएगा। जिला मंत्री राघवेन्द्र प्रताप सिंह,प्रवक्ता सूर्य प्रकाश शुक्ल, अभय सिंह यादव, महेश कुमार, शैल कुमार शुक्ल सहित अनेक शिक्षक शामिल रहे।