बस्ती। शनिवार को बीएसए कार्यालय पर शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी बीएसए विनोद कुमार त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल के नेतृत्व में दो प्रमुख मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि रामरेखा चौधरी, प्रभारी प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय खोरिया, वर्तमान में गंभीर स्वास्थ्य स्थिति से जूझ रही हैं और उनका इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इसलिए उनके बकाया वेतन का तत्काल भुगतान किया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जनपद के सभी विद्यालयों में प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापकों के वेतन ड्राप-बॉक्स खाली न करने और बार-बार वेतन रोकने की घटनाओं के कारण प्रभावित हो रहे हैं। शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि उनका कार्य केवल गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा प्रदान करना है, जबकि ड्राप-बॉक्स को खाली करना विभाग के कम्प्यूटर ऑपरेटर और अभिभावकों की जिम्मेदारी है। इसलिए उन्हें अनावश्यक कार्यों में न लगाया जाए और कोई वेतन रोकने की कार्रवाई न की जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला कोषाध्यक्ष अभय सिंह यादव, जिला संगठन मंत्री मारुफ खान, ब्लॉक मंत्री विजय प्रताप वर्मा, ब्लॉक मंत्री गौर विनोद यादव, ब्लॉक उपाध्यक्ष प्रमोद पासवान, शिक्षक राम गोपाल पाठक आदि शामिल रहे।