बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने ऑफलाइन वेतन भुगतान की मांग तेज कर दी है। बुधवार को संगठन के लोगों ने बीएसए कार्यालय पर धरना दिया। जिलाध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल ने कहा कि लेखाधिकारी कह रहे हैं कि जब तक सभी अनलॉक विद्यालयों के शिक्षक मानव संपदा पोर्टल पर ऑनलाइन नहीं करेेंगे, तब तक अप्रैल का वेतन भुगतान नहीं किया जाएगा। कहा कि मानव संपदा पोर्टल पर बकाया वेतन के लिए सरकार ने ऑनलाइन मांग की नई व्यवस्था लागू की है। पोर्टल चल नहीं रहा है, जिससे शिक्षक परेशान हैं। कहा कि जान बूझकर शिक्षकों काे अप्रैल का वेतन नहीं दिया जा रहा है। चेतावनी दी कि वेतन भुगतान न हुआ तो बृहस्पतिवार से लेखाधिकारी कार्यालय पर अनलॉक विद्यालयों के सभी शिक्षक और जिले एवं ब्लाकों के सभी पदाधिकारी दिन में 12.30 बजे से धरना देंगे। जो वेतन भुगतान तक जारी रहेगा।
जिला कोषाध्यक्ष अभय सिंह यादव ने कहा कि लेखाधिकारी की ओर से शिक्षकों का वेतन भुगतान न दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश के अन्य जिलों में ऑफ लाइन वेतन भुगतान कर दिया गया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह ने कहा कि लेखाधिकारी कार्यालय भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा है। अनेक शिक्षकों का आयकर मनमाने तरीके से काट लिया गया। संगठन इन सवालों को लेकर समस्या का हल किये जाने तक धरना जारी रखेगा।
इस मौके पर देवेंद्र वर्मा, अभिषेक उपाध्याय, रीता शुक्ल, भरतराम वर्मा, भैयाराम राव, अमित मिश्र, सूर्य प्रकाश शुक्ल आदि मौजूद रहे।