बस्ती। टेट की अनिवार्यता समाप्त किये जाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षकों ने बुधवार को भी पाती भेजने का अभियान चलाया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष एवं संयुक्त शिक्षक संघ के संयोजक उदय शंकर शुक्ल की अगुवाई में शिक्षकों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्य न्यायाधीश, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष भारत और यूपी को पत्र भेजा है।
इसमें टेट की अनिवार्यता को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की मांग उठाई गई। संघ के संयोजक ने बताया कि जिले के परशुरामपुर, बनकटी, रामनगर, गौर, हर्रैया, कप्तानगंज, बहादुरपुर, दुबौलिया, विक्रमजोत, बस्ती सदर, साॅऊघाट, कुदरहा, नगर क्षेत्र, रुधौली और सल्टौआ गोपालपुर में पदाधिकारियों ने विद्यालयवार भ्रमण कर शिक्षकों से पाती पर हस्ताक्षर कराकर संबंधित डाक और ईमेल से भेजा है। 13 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर इस मुद्दे को लेकर मशाल जुलूस निकाला जाएगा। तीन मई को लखनऊ में महारैली भी आयोजित होगी।
पाती भेजने वालों में सूर्य प्रकाश शुक्ल, नरेंद्र कुमार दुबे, राजीव पांडेय, सुनील पांडेय, दिनेश वर्मा मौजूद रहे। संवाद