वेतन भुगतान के लिए शिक्षकों में उबाल, धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
बस्ती। जिले के 17 माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के वेतन भुगतान को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रांतीय उपाध्यक्ष मारकंडेय सिंह के नेतृत्व में सोमवार को डीआईओएस डॉ. दल सिंगार यादव से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि मई व जून का वेतन भुगतान समय से नहीं दिया गया तो जुलाई के प्रथम सप्ताह में कभी भी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर जिले के शिक्षकों को साथ लेकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वार्ता के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने आश्वासन दिया कि हम शिक्षकों की कठिनाइयों से अवगत हैं। तदर्थ शिक्षकों को लेकर तकनीकी कारणों से वेतन रोका गया था। इसके लिए निदेशक माध्यमिक शिक्षा से मार्ग दर्शन मांगा गया है। मई व जून माह का वेतन एक साथ निकालने के लिए संबंधित पटल सहायक को निर्देश दिया जा रहा है। मंडलीय मंत्री संजय द्विवेदी ने बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का बकाया पारिश्रमिक भुगतान का मुद्दा उठाया, तो उन्होंने कहा कि बजट की प्रतीक्षा हो रही है। बजट मिलते ही भुगतान कर दिया जाएगा। इस मौके पर अजय प्रताप सिंह, जय प्रकाश मिश्रा, अरुण कुमार मिश्रा, दिग्विजय सिंह, फागू लाल गुप्ता, राम समुझ यादव, संदीप श्रीवासत्व, दिनेश शाही, आदित्य प्रताप सिंह, विशाल पांडेय, मनोज सिंह, शिव शंकर, विनोद वर्मा, गणेश कुमार पांडेय, अजीत सिंह, रवीश पांडेय, राम सूरत व प्रमोद सिंह आदि मौजूद रहे।