शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की मांग के लिए धरना 13 को
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उदयशंकर शुक्ल ने बृहस्पतिवार को शिक्षक भवन पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि प्रदेश का शिक्षक कठिन दौर से गुजर रहा है। उस पर जिम्मेदारियां पहले से अधिक बढ़ीं हैं। अधिकार लगातार छीने जा रहे हैं। बुढ़ापे का सहाला पेंशन का लाभ हासिल करने के लिए अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से देश व्यापी आंदोलन चलाया जा रहा है। मगर, केंद्र और राज्य सरकारें पुरानी पेंशन नीति की बहाली के लिए तैयार नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद केंद्र सरकार ने ओपीएस के स्थान पर यूपीएस पेंशन योजना लागू की है। यह आंशिक सफलता है। जब तक पुरानी पेंशन नीति की बहाली नहीं होती हमें एकजुट होकर संघर्ष जारी रखना होगा।
प्रेस वार्ता के बाद आयोजित बैठक में सर्वसम्मत से राजकुमार सिंह को जिला संयुक्त मंत्री का दायित्व सौंपा गया। निर्णय लिया गया कि शिक्षक समस्याओं के समाधान के लिए 13 जनवरी को बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।
पत्रकारोें के प्रश्नोें का उत्तर देते हुए उदयशंकर शुक्ल ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों को सुविधाओें से सम्पन्न किया जाय, ताकि वे निजी विद्यालयों से बेहतर परिणाम दे सकें। सभी विद्यालयों में डेस्क, बेंच, बालक, बालिका एवं दिव्यांग शौचालय, विद्युत संयोजन की व्यवस्था हो।
प्रेसवार्ता में संरक्षक अरुण देव शुक्ल, राम बहोर मिश्र, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अखिलेश मिश्र, जिला मंत्री राघवेंद्र सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश कुमार, कोषाध्यक्ष अभय सिंह यादव, राजकुमार सिंह, सतीश शंकर शुक्ल आदि मौजूद रहे।