अग्निकांड में जलकर खाक हुई गिमटी और झोपड़ी। संवाद
बनकटी। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के सिरौता चौधरी इंटर काॅलेज के निकट सड़क के किनारे स्थित रिहायशी झोपड़ी और चाय की गुमटी में मंगलवार की रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे दुकान में रखा गैस सिलिंडर फट गया और नकदी समेत सामान जल गए। सिरौता गांव निवासी मिठाई लाल गांव के बाहर सड़क के किनारे पत्नी के साथ झोपड़ी डालकर रहते हैं। बगल में गिमटी रखकर चाय की दुकान भी चलाते हैं। जिससे उनका और पत्नी का जीवन यापन होता रहा। मंगलवार को उनकी तबीयत बिगड़ी तो बेटे संजय को दुकान की जिम्मेदारी सौंपकर पत्नी के साथ इलाज कराने चले गए। रात में करीब 11:30 बजे दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। बेटा संजय और उसके दो भांजे बगल झोपड़ी के मकान में सो रहे थे। अचानक धुंआ और आग देखकर शोर मचाते हुए जान बचाकर बाहर निकले।
ग्रामीण जब एकत्र होकर आग पर काबू पाने का इंतजाम करते तब तक घर में रखे 20 हजार रुपये और दुकान में रखे सात हजार रुपये नकद, बर्तन सहित गृहस्थी के सभी सामान जल गए। संवाद